बस्ती। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग-बस्ती में खेल गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए विद्यालय परिसर में इंटरलॉकिंग कबड्डी मैट का भव्य उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर विद्या भारती गोरक्ष प्रान्त के शिशु शिक्षा समिति के प्रदेश निरीक्षक राम सिंह ने विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष गोपाल गाडिया, प्रबंधक डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष प्रहलाद मोदी, समिति सदस्यगण श्रीमती लता सिंह, श्रीमती पद्मजा उपाध्याय, अश्विनी अग्रवाल, दिनेश पाल, ओम प्रकाश गुप्त सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह, उप प्रधानाचार्य विजय नारायण उपाध्याय एवं बालिका विद्या मंदिर की प्रधानाचार्या श्रीमती प्रियंका सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश निरीक्षक श्री राम सिंह ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास कर जनपद एवं प्रांतीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह ने कहा कि आधुनिक खेल संसाधनों की उपलब्धता से विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर प्रशिक्षण वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी प्रतिभा को नई दिशा मिलेगी।
विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि खेल सुविधाओं का विस्तार विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
उद्घाटन के उपरांत विद्यार्थियों द्वारा कबड्डी का उत्साहपूर्ण प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों ने सराहा और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment