बस्ती। कोतवाली पुलिस ने कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव निवासी पत्रकार लालू प्रसाद यादव की तहरीर पर मालवीय रोड स्थित महादेव गैस एजेंसी के मैनेजर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लालू प्रसाद यादव पुत्र स्वर्गीय रामबरन यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वह एपीएन डिग्री कॉलेज के मैदान में एलपीजी गैस लेने गए थे। इस दौरान गैस का मूल्य निर्धारित दर से अधिक लिया जा रहा था। जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई तो एजेंसी के मैनेजर ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
आरोप है कि मैनेजर ने उन्हें अपशब्द कहे तथा मां-बहन की गालियां देते हुए गैस कनेक्शन को दूसरी एजेंसी में ट्रांसफर कराने की धमकी भी दी। पीड़ित का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर हुए इस व्यवहार से उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और वह मानसिक रूप से आहत हुए हैं।
तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने महादेव गैस एजेंसी के मैनेजर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352 एवं 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment