जनपद बस्ती में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 5,57,395 किसानों को मिला लाभ
छोटे और सीमांत किसानों के जीवन स्तर में आया सकारात्मक बदलाव
बस्ती । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और कृषि को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना जनपद बस्ती में किसानों के लिए बड़ी राहत और सहारा साबित हो रही है। योजना के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता ने न केवल किसानों की खेती-किसानी को मजबूती दी है, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार लाने का कार्य किया है।
जनपद में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 5,21,875 किसानों को लाभान्वित किया गया, जबकि वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह संख्या बढ़कर 5,57,395 तक पहुंच गई। योजना के तहत किसानों के बैंक खातों में सीधे आर्थिक सहायता भेजे जाने से पारदर्शिता बढ़ी है तथा किसानों को समय पर खेती के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो पा रहे हैं।
किसानों का कहना है कि पहले खेती के लिए बीज, खाद और कीटनाशक खरीदने में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब योजना से मिलने वाली सहायता राशि से खेती की लागत का बड़ा हिस्सा पूरा हो जाता है। इससे किसानों को साहूकारों और कर्ज पर निर्भरता कम करनी पड़ी है।
योजना के लाभार्थियों में राम गणेश चौधरी, राम पुरन चौधरी, रामनयन, रघुनाथ एवं आद्या प्रसाद दुबे जैसे किसान शामिल हैं, जिन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना उनके लिए आर्थिक संबल बनकर सामने आई है। किसानों ने कहा कि सरकार द्वारा सीधे खाते में धनराशि भेजे जाने से उन्हें समय पर कृषि कार्य करने में सुविधा मिलती है और खेती के प्रति उनका विश्वास भी बढ़ा है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों को मिल रहा है। सीमित संसाधनों में खेती करने वाले किसानों के लिए यह सहायता राशि खेती की तैयारी, सिंचाई, खाद एवं बीज खरीदने में काफी मददगार सिद्ध हो रही है। इसके परिणामस्वरूप कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ किसानों की आय में भी सुधार देखने को मिल रहा है।
जनपद में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कृषि विभाग द्वारा लगातार किसानों का सत्यापन, ई-केवाईसी और आधार लिंकिंग का कार्य कराया जा रहा है ताकि पात्र किसानों को बिना किसी बाधा के योजना का लाभ मिल सके। गांव-गांव में शिविर आयोजित कर किसानों को योजना की जानकारी भी दी जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण योजना बन चुकी है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिली है और किसानों में आत्मविश्वास का वातावरण तैयार हुआ है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना ने बस्ती के किसानों के जीवन में नई उम्मीद जगाई है। आर्थिक सहायता के रूप में मिलने वाला यह सहयोग खेती को लाभकारी बनाने के साथ-साथ किसानों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान का भी मजबूत आधार बनता जा रहा है।
No comments:
Post a Comment