वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबन्धक उदय बोरवणकर ने महाप्रबन्धक सभाकक्ष में 19 मई 2026 को संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य सम्पादन के लिए 03 कर्मचारियों को ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’ घोषित कर नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं में परसा तिवारी स्टेशन पर कांटावाला के पद पर कार्यरत मोहम्मद अहमद ने 01 मार्च 2026 को कार्य के दौरान अप मालगाड़ी के स्टेशन से थ्रू पास होते समय पीछे से तीसरे वैगन में कुछ लटका हुआ देखकर इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। इसके बाद गाड़ी को स्वामी नारायण छपिया स्टेशन पर रोककर जांच की गई, जहां हैंगिंग पार्ट पाए जाने पर उसे बांधकर सुरक्षित तरीके से गाड़ी को रवाना किया गया। मोहम्मद अहमद की सूझबूझ एवं सतर्कता से एक संभावित दुर्घटना टल गई।
इसी प्रकार कछवा रोड स्टेशन पर स्टेशन मास्टर के पद पर कार्यरत अनिल कुमार ने 23 मार्च 2026 को गाड़ी संख्या-12581 के पास होते समय एलएसआरडी से आगे चौथे कोच में ब्रेक बाइंडिंग देखा, जिससे बोगी के चारों पहिये लाल हो गए थे। अनिल कुमार ने तत्काल लाल सिग्नल दिखाकर तथा वॉकीटॉकी के माध्यम से लोको पायलट एवं गार्ड को सूचना देकर ट्रेन को हरदत्तपुर-राजातालाब के मध्य रुकवाया। बाद में ट्रेन मैनेजर द्वारा ब्रेक बाइंडिंग रिलीज कर ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया गया। उनकी सतर्कता से एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।
वहीं भोजीपुरा स्टेशन के अधीन समपार संख्या 3/सी पर गेटमैन के पद पर कार्यरत जाकिर हुसैन ने 15 मार्च 2026 को अप मालगाड़ी पास करते समय इंजन के चक्के से चिंगारी निकलते देख गाड़ी को रुकवाया। जांच में चक्के में तार फंसा हुआ पाया गया, जिसे हटाने के बाद मालगाड़ी को आगे बढ़ाया गया। जाकिर हुसैन की सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठा से भी संभावित दुर्घटना टल गई।
इन रेलकर्मियों की कार्य के प्रति सजगता, सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा को अनुकरणीय बताते हुए महाप्रबन्धक पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर ने उन्हें नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

No comments:
Post a Comment