बस्ती। सोमवार को भीम युवा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनू राव एवं प्रदेश अध्यक्ष अजय राव उर्फ प्रमोद के नेतृत्व में मण्डलायुक्त कार्यालय परिसर में हत्या के एक मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना दिया गया। बाद में सीओ सिटी के आश्वासन पर धरना स्थगित कर दिया गया।
मण्डलायुक्त को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि पैकोलिया थाना क्षेत्र के पैकोलिया पाली निवासी तिलकराम की गत 8 अप्रैल को कथित रूप से साजिश के तहत हत्या कर दी गई थी। पीड़िता दुर्गावती ने आरोप लगाया कि मामले के मुख्य आरोपी घनश्याम पुत्र जेठू का नाम मुकदमे में शामिल कर उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई एवं गिरफ्तारी की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मृतक तिलकराम का मृत्यु प्रमाण पत्र अभी तक जारी नहीं किया गया है। संगठन पदाधिकारियों ने मांग की कि मामले में उचित धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी घनश्याम को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा मृतक का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराया जाए। साथ ही हत्या से पूर्व की कथित साजिश से जुड़ी वॉयस रिकॉर्डिंग की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
भीम युवा वाहिनी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो पुनः धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
धरने में संदीप कुमार गौतम, सत्यम कुमार, अनिल कुमार, दुर्गावती, सुरेन्द्र कुमार, रंगीलाल, शनि कुमार, पुनीता, अमित कुमार, रायदा कुमार समेत पीड़ित परिवार के सदस्य एवं भीम युवा वाहिनी के कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment