गोरखपुर। डॉ. राजेन्द्र प्रसाद नगर वार्ड संख्या-14 स्थित मोहल्ला तुरहाबारी, शिवमंदिर पंपहाउस के पास पिछले लगभग 8 माह से क्षतिग्रस्त बिजली पोल की समस्या का अंततः समाधान हो गया। युवा जनकल्याण समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी कुलदीप पाण्डेय के लगातार प्रयासों एवं शिकायतों के बाद विद्युत विभाग द्वारा नया पोल स्थापित किया गया।
स्थानीय निवासी कुलदीप पाण्डेय ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार शासन-प्रशासन, नगर निगम, विद्युत विभाग के अधिकारियों तथा मुख्यमंत्री पोर्टल (आईजीआरएस) पर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके साथ ही महापौर, एसडीओ एवं अन्य उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया था।
समस्या के समाधान हेतु ऊर्जा मंत्रालय लखनऊ एवं मुख्यमंत्री कार्यालय स्तर से भी संज्ञान लिया गया, जिसके बाद विभागीय प्रक्रिया तेज हुई। अंततः 12 मई, मंगलवार को विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पोल को हटाकर नया पोल स्थापित कर दिया गया।
समाजसेवी कुलदीप पाण्डेय ने कहा कि लंबे समय से उपेक्षित यह समस्या किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती थी। स्थानीय लोगों ने भी कई बार इसकी आशंका जताई थी। उन्होंने इस कार्यवाही के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गोरखपुर महापौर, तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय मीडिया द्वारा लगातार इस मुद्दे को उठाए जाने से प्रशासन का ध्यान आकर्षित हुआ, जिसके परिणामस्वरूप समस्या का समाधान संभव हो सका।

No comments:
Post a Comment