वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। पुलिस अधीक्षक बस्ती के आदेश के क्रम में तथा अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती के कुशल निर्देशन में मनचलों एवं शोहदों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को एंटी रोमियो स्क्वाड बस्ती पुलिस टीम द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
प्रभारी एंटी रोमियो स्क्वाड टीम द्वारा थाना हरैया क्षेत्र के अंतर्गत जितियापुर, कस्बा हरैया, तपसी धाम, संसारीपुर एवं तेनुआ सहित स्कूल-कॉलेज, कोचिंग सेंटरों के आसपास तथा मुख्य सड़कों और चौराहों पर चेकिंग की गई। इस दौरान महिला दुकानदारों से बातचीत कर बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले शोहदों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
अभियान के दौरान महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण भी किया गया। चेकिंग के दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे करीब 51 व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा 4 मनचलों से माफीनामा भरवाया गया।
पुलिस टीम ने लोगों से महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। अभियान के दौरान कहीं से भी कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

No comments:
Post a Comment