गोरखपुर। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गोरखपुर साइबर सेल ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक मामले में सराहनीय कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते से निकाली गई ₹3,43,896 की पूरी धनराशि वापस दिलाई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक अपराध के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी अपराध के पर्यवेक्षण में प्रभारी साइबर सेल के नेतृत्व में टीम ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की।
पीड़ित ने शिकायत दी थी कि उसके बैंक खाते से बिना ओटीपी साझा किए आठ बार में कुल ₹3,43,896 की निकासी कर ली गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल टीम ने तकनीकी विश्लेषण कर संबंधित बैंक एवं वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित किया, जिसके परिणामस्वरूप पूरी धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई गई।
इस सराहनीय कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक साजिद अली खान, हेड कांस्टेबल शशिकांत जायसवाल, कांस्टेबल पंकज कुमार गुप्ता, कांस्टेबल अखिलेश कुमार तथा महिला आरक्षी दीप्ती सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment