बस्ती। बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी.एड. 2026 का आयोजन 31 मई 2026 को जनपद बस्ती के 12 परीक्षा केन्द्रों पर किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में सम्पन्न होगी। प्रथम पाली पूर्वान्ह 09:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपरान्ह 02:00 बजे से 05:00 बजे तक संचालित की जाएगी।
परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर केन्द्र प्रतिनिधि एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, ताकि परीक्षा व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, बैठने की समुचित व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी परीक्षार्थियों का समय से पूर्व प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए तथा प्रवेश के समय सघन तलाशी ली जाए। परीक्षा केन्द्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा सभी केन्द्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा केन्द्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ पर रोक रहेगी और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
बैठक में सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, एएसपी श्याम कान्त, मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, उप जिलाधिकारी मनोज प्रकाश, हिमांशु कुमार, सत्येन्द्र सिंह, केन्द्र व्यवस्थापक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment