गोरखपुर। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोरखपुर में विदेशी मूल की 3,00,000 सिगरेट स्टिक बरामद की हैं। यह कार्रवाई 23 मई 2026 की सुबह तड़के विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर की गई।
डीआरआई अधिकारियों ने असम से उत्तर प्रदेश की ओर आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी गहन जांच की। जांच के दौरान ट्रक में 9.42 मीट्रिक टन बांस के टुकड़े लदे मिले। अधिकारियों को चालक के केबिन के पीछे वेल्डेड स्टील पार्टिशन से बनाया गया एक गुप्त कक्ष मिला, जिसे बेहद चतुराई से तैयार किया गया था।
गुप्त कक्ष की तलाशी लेने पर विदेशी मूल की “ईएसएसई लाइट्स सुपर स्लिम” ब्रांड की सिगरेटों से भरे 30 कार्टन बरामद किए गए। इन कार्टनों से कुल 3 लाख सिगरेट स्टिक बरामद हुईं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत लगभग 45 लाख रुपये आंकी गई है।
डीआरआई ने बरामद सिगरेटों को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110 तथा सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (सीओटीपीए), 2003 के तहत जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
डीआरआई के अनुसार पिछले आठ महीनों में उत्तर प्रदेश में अलग-अलग मामलों में विदेशी मूल की कुल 15,32,000 सिगरेट स्टिक जब्त की जा चुकी हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 2.32 करोड़ रुपये हैं जब्त की गयी।

No comments:
Post a Comment