वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। भू-लेख पोर्टल पर खतौनी को पूर्णतः ऑनलाइन एवं रियल टाइम कर दिया गया है। उक्त जानकारी देते हुए मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने बताया कि आमजन की सुविधा हेतु तहसील के कम्प्यूटर केंद्र एवं जनसेवा केंद्रों के माध्यम से खतौनी की प्रति उपलब्ध कराई जा रही थी, लेकिन अब ई-गवर्नेंस एवं डिजिटल इंडिया की संकल्पना के अनुरूप खतौनी की प्रमाणित प्रति प्राप्त करने की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अब आवेदक ऑनलाइन माध्यम से शुल्क का भुगतान कर किसी भी समय और किसी भी स्थान से खतौनी की प्रमाणित प्रति डाउनलोड कर सकता है। भूमिधर घर बैठे ही निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान कर खतौनी की प्रमाणित प्रति प्राप्त कर सकेंगे। इससे तहसीलों में जनदबाव कम होगा तथा लोगों के समय, श्रम एवं संसाधनों की भी बचत होगी।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन प्रमाणित प्रति प्राप्त करने के लिए आवेदक को राजस्व विभाग की आधिकारिक वेबसाइट
राजस्व विभाग उत्तर प्रदेश पर लॉग-इन करना होगा। इसके बाद मुख्य पृष्ठ पर उपलब्ध “खतौनी की नकल” टैब पर क्लिक कर जनपद, तहसील एवं ग्राम का चयन करना होगा। फिर संबंधित गाटा संख्या का चयन कर आवश्यक खतौनी का विवरण देखा जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि खतौनी की प्रमाणित प्रति प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन भुगतान के लिए क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, यूपीआई एवं क्यूआर कोड स्कैन सहित विभिन्न विकल्प उपलब्ध रहेंगे। आवेदक 15 रुपये शुल्क का भुगतान कर अपनी आवश्यकता अनुसार किसी भी गाटे की खतौनी की प्रमाणित प्रति डाउनलोड कर सकेगा।
उन्होंने कहा कि कम्प्यूटरीकृत खतौनी की प्रमाणित प्रति ऑनलाइन उपलब्ध होने से आमजन को ई-गवर्नेंस का लाभ मिलेगा तथा भूमिधारकों को तहसील कम्प्यूटर केंद्र अथवा कॉमन सर्विस सेंटर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। अब यह सुविधा 24×7 उपलब्ध रहेगी।
इस संबंध में समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आमजन को लाभान्वित करने हेतु इस व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

No comments:
Post a Comment