बस्ती। पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक महिला थाना द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बस्ती में नारी शक्ति वंदन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिला कांस्टेबल प्रतिमा एवं श्यामा पाठक ने बालिकाओं को विभिन्न विषयों पर जागरूक किया।
कार्यक्रम में लगभग 400 बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उपस्थित छात्राओं को मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर जैसे वूमेन पॉवर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्ड लाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर बालिकाओं को देश में लागू तीन नए आपराधिक कानून—भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023—की भी जानकारी दी गई। साथ ही साइबर जागरूकता अभियान के तहत साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर विशेष बल दिया गया। छात्राओं को साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड, ओटीपी चोरी, यूपीआई फ्रॉड एवं साइबर बुलिंग जैसे खतरों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियानों से उन्हें महत्वपूर्ण जानकारी मिल रही है, जिससे उनके आत्मविश्वास और सुरक्षा के प्रति जागरूकता में वृद्धि हुई है।

No comments:
Post a Comment