बस्ती। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी द्वारा नारी शक्ति वंदन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं का शिक्षित एवं आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं से संबंधित विभिन्न कानूनों, अधिकारों एवं सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1090 एवं 181 की जानकारी देते हुए आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक चुनौतियों से निपटने के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने छात्राओं को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही मातृत्व वंदन योजना, बाल विवाह, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला योजना, टीकाकरण एवं मुख्यमंत्री उद्यमी योजना जैसी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
श्रीमती चौधरी ने कहा कि देश में नारी सम्मान अब केवल शब्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि धरातल पर भी दिखाई दे रहा है। महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने नारी वंदन योजना के तहत महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को सराहते हुए इसे सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक बताया।
उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा जनसुनवाई, चौपाल और अंतिम पंक्ति में खड़ी महिलाओं तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी महिला के साथ अन्याय न हो। कार्यक्रम के दौरान नारी वंदन योजना के अंतर्गत हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें उपस्थित महिलाओं ने सहभागिता की।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा राली सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजेश कुमार, पिछड़ा कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, डीपीआरओ धनश्याम सागर, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, महिला थानाध्यक्ष शालिनी सिंह, बाल संरक्षण अधिकारी बीना सिंह, प्रभारी प्रधानाचार्य अंजू वर्मा, सीडीपीओ देवेन्द्र सिंह, प्रभारी सीडीपीओ अनुराधा पाण्डेय, इंस्पेक्टर मंजू सिंह, वरिष्ठ सहायक अशोक सिंह, वन स्टाफ सेंटर की टगर पाल सहित छात्राएं एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मानवी सिंह ने किया।


No comments:
Post a Comment