बस्ती। गुरुवार को भगवान श्री चित्रगुप्त के प्राकटोत्सव के अवसर पर कायस्थ सेवा ट्रस्ट के जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार श्रीवास्तव के संयोजन में श्री चित्रगुप्त मंदिर से भव्य शोभायात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में भगवान चित्रगुप्त के सुसज्जित रथ के साथ ढोल-नगाड़ों और आकर्षक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया।
शोभायात्रा चित्रगुप्त मंदिर से प्रारंभ होकर पाठक जी की कोठी, कम्पनी बाग चौराहा, फव्वारा तिराहा, बैरिहवा चित्रगुप्त चौक व रौता चौराहा होते हुए पुनः मंदिर पहुंची, जहां भगवान की आरती के साथ इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
संस्थापक अजय श्रीवास्तव ने बताया कि यह शोभायात्रा का दूसरा वर्ष है, जिसमें सभी वर्गों की भागीदारी रहती है। उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त सर्वसमाज के देवता हैं। मंडल अध्यक्ष नवीन श्रीवास्तव ने सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान चित्रगुप्त को यमराज का सहायक और ब्रह्मा का अंश माना जाता है, जो सभी प्राणियों के कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं। यह शोभायात्रा ज्ञान, सुख और समृद्धि का प्रतीक है।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नेहा वर्मा, भाजपा नेता अंकुर वर्मा, राणा दिनेश प्रताप सिंह, बसपा नेता सचिन श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment