वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न कार्यकारी संस्थाओं एवं विभागों द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों एवं परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति, गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं के निर्माण कार्य हेतु धनराशि प्राप्त हो चुकी है, उन्हें निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं एवं संबंधित विभागों को सीएमआईएस पोर्टल पर निर्माण कार्यों की प्रगति फीड कराने के निर्देश भी दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिन कार्यों को पूर्ण कराने में बजट की आवश्यकता हो, उसके लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाए, ताकि कार्य बाधित न हो और समय से पूरा कराया जा सके। साथ ही पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को संबंधित विभाग को हैंडओवर करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, उपायुक्त एनआरएलएम प्रवीण कुमार शुक्ला, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र, जिला बांट माप अधिकारी वीपी वर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment