वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस 2027 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पद्म पुरस्कार-2027 के लिए ऑनलाइन नामांकन एवं सिफारिशें 15 मार्च 2026 से शुरू हो गई हैं। नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक व्यक्ति राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पद्म पुरस्कार, जिसमें पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री शामिल हैं, देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में गिने जाते हैं। वर्ष 1954 में स्थापित इन पुरस्कारों की घोषणा प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस पर की जाती है। यह सम्मान कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान एवं इंजीनियरी, लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट और असाधारण योगदान के लिए प्रदान किए जाते हैं।
सरकार पद्म पुरस्कारों को “पीपल्स पद्म” बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी नागरिकों से नामांकन एवं सिफारिशें भेजने की अपील की गई है। नागरिक स्वयं को भी नामित कर सकते हैं। विशेष रूप से महिलाओं, कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति-जनजाति, दिव्यांगजन तथा निस्वार्थ सेवा कर रहे प्रतिभाशाली व्यक्तियों के नाम आगे लाने पर जोर दिया गया है।
नामांकन/सिफारिशों में पोर्टल पर उपलब्ध प्रारूप के अनुसार सभी जरूरी विवरण देने होंगे। साथ ही अधिकतम 800 शब्दों का एक उद्धरण (साइटेशन) भी शामिल करना होगा, जिसमें अनुशंसित व्यक्ति की विशिष्ट उपलब्धियों और सेवाओं का स्पष्ट उल्लेख हो।
पद्म पुरस्कारों से संबंधित विस्तृत जानकारी गृह मंत्रालय की वेबसाइट एवं पद्म पुरस्कार पोर्टल पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी एवं अनुशंसाकर्ता निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

No comments:
Post a Comment