वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के ग्राम धर्मपुरा में अज्ञात कारणों से खेतों में लगी आग की घटना के बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर राजस्व विभाग व पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित तहसीलदार और क्षेत्रीय लेखपाल को आग से फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित किसानों को शासन से नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दिए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हृदय राम तिवारी, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment