गोरखपुर। मिशन-शक्ति फेज-5.0 के तहत चल रहे विशेष अभियान (फेज-2) के अंतर्गत जनपद गोरखपुर के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक अपराध/नोडल मिशन-शक्ति के पर्यवेक्षण में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, सशक्तिकरण और विश्वास का वातावरण तैयार करना है।
कार्यक्रमों के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम कानून तथा महिलाओं की गरिमा से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके अतिरिक्त महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों—वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930, एम्बुलेंस सेवा 108 सहित अन्य सेवाओं की जानकारी दी गई। मोबाइल के पैनिक बटन का डेमो भी कराया गया।
पुलिस द्वारा कार्यक्रमों के अंत में जागरूकता पंपलेट वितरित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

No comments:
Post a Comment