वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
बस्ती। थाना मुंडेरवा पुलिस ने सोशल मीडिया पर पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु के साथ फोटो अपलोड करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह फोटो इंस्टाग्राम पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्परता से मामले की जांच की।
जांच के दौरान युवक की पहचान दुर्गेश चौधरी पुत्र बहरैची चौधरी निवासी ग्राम बरडाड़, थाना मुंडेरवा, जनपद बस्ती (उम्र करीब 21 वर्ष) के रूप में हुई। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसके हाथ में जो वस्तु दिखाई दे रही है, वह असली पिस्टल नहीं बल्कि प्लास्टिक का खिलौना है। उसने शौक के चलते फोटो खिंचवाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया था।
हालांकि, इस तरह की फोटो से सोशल मीडिया पर भ्रम और भय की स्थिति उत्पन्न होने तथा लोक व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की। थाना मुंडेरवा पुलिस ने 10 अप्रैल 2026 को अभियुक्त को धारा 170, 126, 135 बीएनएस के तहत ग्राम बरडाड़ से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय बस्ती भेज दिया।
जनपद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के भ्रामक, भय या हिंसा को दर्शाने वाले फोटो, वीडियो या पोस्ट साझा न करें। ऐसे कृत्य कानूनन अपराध की श्रेणी में आते हैं और समाज में अशांति फैला सकते हैं। सोशल मीडिया का उपयोग सदैव जिम्मेदारी और सकारात्मकता के साथ करें।

No comments:
Post a Comment