संतकबीरनगर। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने शुक्रवार को थाना बखिरा का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम सुसज्जित सलामी गार्द द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक को सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर और कार्यालय का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, पिंक बूथ, बैरक, थाना कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, बंदी गृह एवं महिला हेल्प डेस्क की व्यवस्थाओं को परखा गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, हत्या/बलवा रजिस्टर एवं बीट सूचना रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए उन्हें अद्यतन रखने के निर्देश दिए। शस्त्रागार में शस्त्रों की नियमित सफाई, निष्प्रोज्य दंगा नियंत्रण उपकरणों को बदलने तथा लंबे समय से थाने में पड़े लावारिस एवं जब्त वाहनों के विधिक निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।
महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को महिला फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। इसके उपरांत अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना स्टाफ के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक बखिरा सतीश कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment