गोरखपुर। गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात कर एम्स गोरखपुर के द्वितीय चरण के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने एम्स से जुड़े विभिन्न मुद्दों और विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया।
सांसद रवि किशन ने बताया कि मुलाकात के दौरान उन्होंने एम्स के सेकेंड फेज में ट्रामा सेंटर के निर्माण सहित कई जरूरी सुविधाओं को शामिल करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए यह विस्तार अत्यंत आवश्यक हो गया है। केंद्रीय मंत्री ने इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक रुख दिखाया और आश्वासन दिया कि इन पर गहन विचार किया जाएगा।
सांसद ने कहा कि एम्स के विस्तार से मरीजों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जिससे न केवल गोरखपुर बल्कि पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के मरीजों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में एम्स में प्रतिदिन 5 से 7 हजार मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार की स्वास्थ्य नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार हुआ है और अब दूर-दराज के क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंच रही हैं।
सांसद रवि किशन ने विश्वास जताया कि जल्द ही एम्स गोरखपुर के द्वितीय चरण के विस्तार कार्य की शुरुआत होगी, जिससे क्षेत्र के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

No comments:
Post a Comment