बस्ती। जनपद में बढ़ते तापमान एवं संभावित हीटवेव को देखते हुए जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की गहन समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि हीटवेव के दौरान आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि सभी जिला अस्पतालों, सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए पर्याप्त दवाएं, ओआरएस तथा चिकित्सा स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही एंबुलेंस सेवाओं को हर समय सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
नगर निकायों को निर्देशित किया गया कि सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पशुचिकित्सा विभाग को गौशालाओं में लू से बचाव के लिए ठंडे पानी, चारा-भूसा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा पशुओं का समय से टीकाकरण कराने के निर्देश दिए गए।
विद्युत विभाग को जर्जर तारों को चिन्हित कर शीघ्र बदलवाने के निर्देश दिए गए। वहीं खंड विकास अधिकारियों को सूखे तालाबों में पानी भरवाने तथा सभी कार्यालयाध्यक्षों को अपने-अपने कार्यालयों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, सीटीओ अशोक कुमार प्रजापति, डीएफओ डा. शिरीन, सीएमओ डा. राजीव निगम, डीडीओ अजय कुमार सिंह, पीडी राजेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment