बस्ती। संभावित बाढ़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बाढ़ स्टीयरिंग ग्रुप की बैठक में सभी विभागों को तय समय सीमा में तैयारियां पूरी करने के सख्त निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बाढ़ से निपटने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तटबंधों की मरम्मत, कटान वाले संवेदनशील स्थानों की पहचान और निचले इलाकों का चिन्हांकन तेजी से करने को कहा गया है। जनपद के 17 तटबंधों की निगरानी के लिए अभियंताओं की तैनाती कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ चौकियों पर मेडिकल टीम तैनात करने, दवाओं, एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन, ओआरएस और क्लोरीन टैबलेट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए चारा, टीकाकरण और अस्थायी गोशालाओं की व्यवस्था करने को कहा गया।
आपूर्ति विभाग को राहत सामग्री का स्टॉक तैयार रखने तथा जरूरतमंदों तक समय से वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं विद्युत विभाग को बाढ़ के दौरान बिजली आपूर्ति के संचालन में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे। बैठक में जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment