<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, April 28, 2026

जनहित योजनाओं में तेजी लाएं, समयबद्ध निस्तारण हो प्राथमिकता - मण्डलायुक्त


बस्ती। मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में आयोजित मण्डल स्तरीय समीक्षा बैठक में विकास कार्यों की प्रगति पर गहन मंथन हुआ। बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया गया।
मण्डलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली सभी योजनाओं को तय समयसीमा के भीतर धरातल पर उतारा जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में शिथिलता या लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं होगी। अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट कर कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने और प्रगति में बाधा बनने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पीएम सूर्यघर योजना, मुख्यमंत्री आवास, फैमिली आईडी, सेतु निगम, दशमोत्तर छात्रवृत्ति, किसान रजिस्ट्री, गेहूं व भूसा खरीद, सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, स्वच्छ भारत मिशन एवं विद्युत आपूर्ति जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। मण्डलायुक्त ने लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना ही प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और पारदर्शिता बनाए रखें। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समाधान में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर संतोषजनक आख्या अपलोड करने के निर्देश दिए।
भीषण गर्मी को देखते हुए मण्डलायुक्त ने सभी चिकित्सालयों में हीटवेव से निपटने की समुचित तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निजी नर्सिंग होम में सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी बेहतर ढंग से हो सके।
बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी बस्ती कृत्तिका ज्योत्स्ना, सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., संतकबीरनगर के जिलाधिकारी आलोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages