बस्ती। शहर के मिश्रौलिया स्थित युवा चेतना पुस्तकालय इस बार गर्मी की छुट्टियों में बच्चों, छात्रों और युवाओं के लिए सीखने, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास का खास केंद्र बनने जा रहा है। विश्व युवक केंद्र, नई दिल्ली और युवा विकास समिति, बस्ती के संयुक्त प्रयास से अप्रैल से जून तक यहां विविध ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
विश्व युवक केंद्र के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उदय शंकर सिंह ने बताया कि कार्यक्रमों की रूपरेखा इस तरह तैयार की गई है, जिससे बच्चों और युवाओं का समग्र विकास हो सके। छोटे बच्चों के लिए बुकमार्क मेकिंग, लाइब्रेरी स्कैवेंजर हंट और आर्ट एंड क्राफ्ट जैसी गतिविधियां न सिर्फ उनकी रचनात्मकता को बढ़ाएंगी, बल्कि उन्हें किताबों से जोड़ने का भी काम करेंगी।
छात्रों के लिए रीडिंग चैलेंज, क्रिएटिव राइटिंग वर्कशॉप, बुक क्लब और डिजिटल साक्षरता सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे उनकी सोच, लेखन क्षमता और तकनीकी समझ मजबूत होगी। वहीं युवाओं के लिए कैरियर गाइडेंस, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, रिज्यूमे बिल्डिंग और इंटरव्यू स्किल्स पर विशेष सत्र उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेंगे।
सीनियर ऑफिसर (डिजिटल इनिशिएटिव) आनंद कुमार के अनुसार डिबेट प्रतियोगिता, पब्लिक स्पीकिंग और ओपन माइक जैसे कार्यक्रम युवाओं में आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति की क्षमता को नई ऊंचाई देंगे।
युवा विकास समिति के सचिव बृहस्पति कुमार पाण्डेय ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता, योग एवं वेलनेस जैसे विषयों पर भी कार्यक्रम होंगे। साथ ही विश्व पुस्तक दिवस, पृथ्वी दिवस, विश्व पर्यावरण दिवस और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष आयोजन किए जाएंगे।
इन आयोजनों का उद्देश्य केवल समय बिताना नहीं, बल्कि बच्चों और युवाओं में पढ़ने की आदत विकसित करना, स्क्रीन टाइम कम करना और उन्हें एक सकारात्मक, रचनात्मक दिशा देना है। आयोजकों ने अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि वे इस पहल का हिस्सा बनकर अपने भविष्य को और बेहतर बनाएं।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment