<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Tuesday, April 14, 2026

अंबेडकर जयंती पर हरदोई में गूंजा सामाजिक समता का संदेश, केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान ने युवाओं को किया प्रेरित

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


हरदोई। केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने आज हरदोई में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर नागरिकों को संबोधित किया। कार्यक्रमों की शुरुआत गांधी मैदान, हरदोई में बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।

इसके बाद मंत्री ने जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित बाबा साहेब के जीवन एवं योगदान पर आधारित विशेष फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही शाहपुर, अठरिया स्थित बाबा कुबेर बाल जी एवं बाबा गोवर्धन बाल जी के समाधि स्थलों पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

अपने संबोधन में मंत्री श्री पासवान ने बाबा साहेब के सामाजिक न्याय, संवैधानिक मूल्यों एवं समावेशी विकास के सिद्धांतों को देश की प्रगति का आधार बताया। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी समुदायों के प्रतिभाशाली युवाओं की प्रशासनिक एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भागीदारी राष्ट्र को सुदृढ़ बनाती है।

केंद्रीय मंत्री ने इतिहासकारों, शोधकर्ताओं एवं समाज के प्रबुद्ध वर्ग से पासी समाज की ऐतिहासिक विरासत, महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित दस्तावेजीकरण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो समाज अपने इतिहास को नहीं जानता, वह प्रगति नहीं कर सकता।

सांडदीला–बघौली मार्ग पर आगमन के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने मंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने सामाजिक प्रतिनिधियों से संवाद कर बाबा साहेब के समता, स्वतंत्रता एवं बंधुत्व के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे, जिनमें सांसद मिश्रिख अशोक रावत, सांसद हरदोई जयप्रकाश रावत, विधायक साण्डी प्रभाष कुमार, विधायक गोपामऊ श्याम प्रकाश, विधायक बालामऊ रामपाल वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रेमावती एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन सहित अन्य लोग शामिल रहे।

अंत में मंत्री श्री पासवान ने सभी नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा, जागरूकता एवं सामाजिक एकता ही सशक्त समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का सपना एक ऐसे भारत का था, जहां हर नागरिक को समान अवसर, सम्मान और न्याय मिले, और हम सभी को उनके आदर्शों को अपनाकर ऐसा समाज बनाने का संकल्प लेना चाहिए, जहां कोई भी पीछे न छूटे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages