गोरखपुर। पुलिस लाइन गोरखपुर में रविवार को प्रशिक्षु आरक्षियों की भव्य दीक्षांत परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस उप महानिरीक्षक, गोरखपुर परिक्षेत्र सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों ने अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का शानदार प्रदर्शन करते हुए आकर्षक परेड प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि ने परेड की सुसज्जित टोलियों का निरीक्षण कर सलामी ली और प्रशिक्षुओं की सराहना की।
अपने संबोधन में उन्होंने नवप्रशिक्षित आरक्षियों को कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं एवं प्रशिक्षकों को मुख्य अतिथि, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में सभी प्रशिक्षु आरक्षियों को देश सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के बाद टोलियों ने गर्व के साथ प्रस्थान किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, पुलिस अधीक्षक उत्तरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment