गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें संस्करण का प्रसारण रविवार को गोरखपुर महानगर में व्यापक स्तर पर सुना गया। भारतीय जनता पार्टी महानगर के कार्यकर्ता शहर के विभिन्न बूथों और शक्ति केंद्रों पर एकत्र होकर कार्यक्रम से जुड़े और प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना।
राप्तीनगर मंडल के लोहिया नगर वार्ड स्थित बूथ संख्या 127 पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम का श्रवण किया। इस दौरान महानगर संयोजक राजेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों के साथ प्रधानमंत्री का सीधा संवाद है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन और जनभागीदारी को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता और समग्र विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
महानगर संयोजक राजेश गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं और नीतियों का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है, जिससे देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।
शहर के गोरक्षनगर, विकास नगर, हनुमंत नगर, शक्ति नगर, आर्य नगर, दीवान बाजार, बौलिया कॉलोनी, लच्छीपुर, रायगंज, जटेपुर, छोटे काजीपुर, दिलेजाकपुर व मालवीय नगर सहित कई क्षेत्रों में भी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम सुना।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment