बस्ती। जिले के महादेवा क्षेत्र में स्थित कनक बिहारी भारत गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं के साथ फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर दिए बिना ही डिलीवरी दिखाकर रिकॉर्ड पूरा कर दिया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार महादेवा चौराहा, पोस्ट पगार खास निवासी त्रियुगी नारायण (पुत्र गिरिजा प्रसाद) का गैस कनेक्शन संख्या 53254215 है। उन्होंने 20 मार्च 2026 को गैस बुकिंग कराई थी, लेकिन 31 मार्च को उनके मोबाइल पर सिलेंडर डिलीवर होने का संदेश प्राप्त हो गया। उपभोक्ता का कहना है कि उन्हें अब तक गैस सिलेंडर नहीं मिला है।
पीड़ित ने मामले की शिकायत जिला पूर्ति अधिकारी से करने का प्रयास किया, लेकिन कई बार संपर्क करने के बावजूद फोन रिसीव नहीं हुआ।
इसी तरह एक अन्य उपभोक्ता श्रीकांत चौधरी ने भी एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बुकिंग के बाद पांच बार एजेंसी का चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। आरोप है कि एजेंसी पर लाइन में लगे उपभोक्ताओं को पुलिस बल के सहारे भगा दिया गया।
श्रीकांत चौधरी ने इस संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत संख्या 92618500009296 दर्ज कराई है, जो एक सप्ताह पूर्व जिला पूर्ति अधिकारी को निस्तारण के लिए भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
इस पूरे मामले ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वहीं, जिलापूर्ति अधिकारी ने कहा है कि शिकायतों का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment