बस्ती। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग-बस्ती में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में हनुमानजी की उपासना, सुंदरकांड पाठ एवं हवन का आयोजन हुआ।
विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह ने बताया कि हर वर्ष सत्रारंभ के पहले दिन विद्यालय में सुंदरकांड पाठ की परंपरा निभाई जाती है, और इस बार हनुमान जयंती के साथ इसका संयोग होने से कार्यक्रम और भी विशेष बन गया।
प्रातःकाल विद्यालय पहुंचे छात्रों का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद सभी आचार्यों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने एक साथ मिलकर सुंदरकांड का पाठ किया तथा हवन में सहभागिता निभाई।
प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों को नए सत्र की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें विद्यालय की मर्यादा के अनुरूप आचरण करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

No comments:
Post a Comment