गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने 15 अप्रैल 2026 को महाप्रबंधक सभाकक्ष में संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन कर्मचारियों को ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’ घोषित कर नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे की सुरक्षा में ऐसे कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
सम्मानित कर्मचारियों में लखनऊ मंडल के विसवा खंड में ट्रैक मैंटेनर के पद पर कार्यरत अमन गोंड शामिल हैं। इन्होंने 4 फरवरी 2026 को रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान किमी 62/13-15 पर स्थित स्विच एक्सपेंशन ज्वाइंट (एसईजे) संख्या-29 में टंग रेल फ्रैक्चर देखा और तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक को सुरक्षित करते हुए अधिकारियों को सूचना दी, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
वाराणसी मंडल के चौरी-चौरा स्टेशन पर कार्यरत ईएसएम आशुतोष कुमार को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने 14 फरवरी 2026 को सरदार नगर स्टेशन पर लाइन संख्या-1 पर ट्रैक विफलता की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की और रेल फ्रैक्चर की पुष्टि करते हुए संबंधित विभागों को सूचित किया, जिससे संभावित हादसे को रोका जा सका।
इज्जतनगर मंडल के उझानी स्टेशन पर तैनात स्टेशन मास्टर अनुराग सिंह ने 19 फरवरी 2026 को डाउन वीसीएन मालगाड़ी के गुजरने के दौरान एक वैगन के चक्के को लाल (ओवरहीट) स्थिति में देखा। उन्होंने तुरंत लाल सिग्नल देकर गाड़ी रुकवाई और जांच में पाया गया कि ब्रेक ब्लॉक जाम है। तत्परता से समस्या का समाधान कर ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया गया।
महाप्रबंधक ने कहा कि ऐसे सजग और जिम्मेदार कर्मचारी ही रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाते हैं और अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

No comments:
Post a Comment