गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर की अध्यक्षता में 15 अप्रैल 2026 को रेलवे प्रेक्षागृह, गोरखपुर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक वी.के. शुक्ल, प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, अनुसूचित जाति एवं जनजाति एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्वोत्तर रेलवे कला समिति के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजन से हुई, जिसने माहौल को श्रद्धामय बना दिया। अपने संबोधन में महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर आधुनिक भारत के महानायक थे, जिन्होंने समाज के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के प्रेरणास्रोत गौतम बुद्ध, संत कबीर और महात्मा फूले थे तथा ज्ञान के प्रति उनकी अद्भुत लगन का अंदाजा उनके विशाल पुस्तक संग्रह से लगाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि डॉ. अम्बेडकर एक महान चिंतक, समाज सुधारक और दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने समानता, स्वतंत्रता और न्याय पर आधारित संविधान का निर्माण कर देश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में उनके विचार और अधिक प्रासंगिक हैं।
एससी-एसटी एसोसिएशन के अध्यक्ष बच्चू लाल एवं महामंत्री रामप्रकाश ने बाबा साहब के संघर्षपूर्ण जीवन और समाज के लिए उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। अंत में वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी गोपाल प्रसाद गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन श्रीमती अंचला लाल ने किया।

No comments:
Post a Comment