गोरखपुर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में शहर में भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा रानी लक्ष्मीबाई पार्क, नगर निगम टाउनहॉल से प्रारंभ होकर गोलघर स्थित काली मंदिर तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष अमिता गुप्ता ने पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर चंचला शुक्ला, मीना श्रीवास्तव, रागिनी जायसवाल, रत्नेश मौर्या, ममता जायसवाल, दीपा गुप्ता, पूजा गुप्ता, वंदना सहित हजारों महिलाएं उपस्थित रहीं। पदयात्रा के दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में जोरदार नारे लगाए गए और महिलाओं ने एकजुट होकर अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
इस दौरान आयोजित हस्ताक्षर अभियान में भी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अधिनियम के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। हजारों महिलाओं ने हस्ताक्षर कर नारी सशक्तिकरण के इस कदम का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि अमिता गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को केवल प्रतिनिधित्व ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया यह अधिनियम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है, जिससे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित होगा।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को सशक्त करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। अब महिलाएं केवल भागीदार नहीं, बल्कि देश की प्रगति की अगुवाई करेंगी। यह कानून महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाएगा और उन्हें देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा।
पदयात्रा के माध्यम से महिलाओं ने एक स्वर में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का स्वागत करते हुए इसे देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए मील का पत्थर बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नारी सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराया।

No comments:
Post a Comment