बस्ती। सी.बी.एस.ई. बोर्ड द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग-बस्ती के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम अत्यंत सराहनीय रहा, जिसमें छात्रों ने अनुशासन, परिश्रम और लगन का बेहतरीन परिचय दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविंद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्रा आशा मिश्रा ने 97.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। आयुष ओझा और सौम्या पाण्डेय ने 96.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि रजनीश चौधरी ने 95.80 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान हासिल किया।
इसी क्रम में आयुष वर्मा एवं राम मिश्रा ने 95.40 प्रतिशत, साक्षी कुमारी ने 95.20 प्रतिशत, हिमांशु पटेल ने 95.00 प्रतिशत, अक्षय प्रताप सिंह और अंकिता चौधरी ने 94.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यालय के 44 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक तथा 228 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय की गौरवशाली शैक्षिक परंपरा को आगे बढ़ाया।
विद्या भारती गोरक्ष प्रांत के प्रदेश निरीक्षक राम सिंह, सेवा शिक्षा प्रमुख योगेश जी एवं प्रधानाचार्य गोविंद सिंह ने मेधावी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को माल्यार्पण कर तथा मिष्ठान खिलाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सभी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधानाचार्य श्री गोविंद सिंह ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों की मेहनत, आचार्यों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त प्रतिफल है। विद्यालय के प्रबंध समिति अध्यक्ष गोपाल गाडिया, प्रबंधक डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष प्रहलाद मोदी सहित सभी सदस्यों एवं आचार्य-आचार्याओं ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।

No comments:
Post a Comment