<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Friday, April 3, 2026

निजी अस्पतालों की मनमानी पर लगे लगाम, दर तय कर बोर्ड पर प्रदर्शित हों - महेन्द्र श्रीवास्तव


बस्ती। कांग्रेस आरटीआई विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्वांचल प्रभारी महेन्द्र श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की है कि निजी अस्पतालों में इलाज और ऑपरेशन की दरें निर्धारित की जाएं तथा उन्हें अस्पतालों में बोर्ड पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने मानव अंगों के अवैध व्यापार पर सख्ती से रोक लगाने और दोषी चिकित्सकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की भी मांग उठाई है।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति में महेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि कानपुर में 50 हजार रुपये के विवाद ने करोड़ों रुपये के मानव अंगों के अवैध कारोबार का खुलासा कर दिया है। किडनी रैकेट में गिरफ्तार छह लोगों में पांच डॉक्टर शामिल हैं। इस गिरोह द्वारा कम से कम 40 लोगों, जिनमें विदेशी भी शामिल हैं, की अवैध सर्जरी किए जाने का आरोप है। बताया गया कि किडनी 10 लाख रुपये में खरीदी जाती थी और 60 लाख रुपये में बेची जाती थी। इस पूरे मामले का खुलासा एक छात्र के साथ हुए विवाद के बाद हुआ, जिसने अपनी किडनी बेची थी।
उन्होंने कहा कि यह स्थिति बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। बस्ती समेत पूर्वांचल और प्रदेश के कई शहरों में इलाज के नाम पर खुलेआम लूट हो रही है। हालात यह हैं कि कई अस्पतालों में बकाया भुगतान के बिना परिजनों को शव तक नहीं सौंपा जाता।
महेन्द्र श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि आयुष्मान योजना के नाम पर भी बड़े पैमाने पर धन का दुरुपयोग हो रहा है। कई निजी अस्पताल मरीजों का शोषण कर रहे हैं और गली-कूंचों में बिना मानक के अस्पताल संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौत के मामलों में जांच के नाम पर जिम्मेदार अधिकारी भी धन लेकर ऐसे अस्पतालों को संरक्षण दे रहे हैं।
उन्होंने सरकार से मांग की कि निजी अस्पतालों की मनमानी और लूट पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए, ताकि आम जनता को सस्ती और पारदर्शी चिकित्सा सुविधा मिल सके।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages