बस्ती। यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव द्वारा कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का झंडा जलाने की घटना ने सियासी माहौल गरमा दिया है। कांग्रेस आरटीआई विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्वांचल प्रभारी महेन्द्र श्रीवास्तव ने इस कृत्य को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है।
प्रेस को जारी बयान में श्रीवास्तव ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन इस तरह की हरकतें राजनीतिक मर्यादा को ठेस पहुंचाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ नेता सुर्खियों में बने रहने के लिए अनर्गल और असंयमित तरीके अपना रहे हैं।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि विपक्ष के सहयोग से विधेयक पारित होने के बावजूद इसे लागू करने में देरी की जा रही है। उनका कहना है कि भारतीय जनता पार्टी सरकार जानबूझकर जनगणना और परिसीमन जैसी प्रक्रियाओं का हवाला देकर इसे टाल रही है।
कांग्रेस नेता ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्ती के बजाय सत्ता का संरक्षण मिलने के आरोप लगातार सामने आते रहे हैं, जो चिंताजनक है।
अंत में श्रीवास्तव ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध के सभ्य और संवैधानिक तरीके मौजूद हैं, लेकिन इस तरह का आचरण दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने अपर्णा यादव से देश से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की और चेतावनी दी कि जनता ऐसे व्यवहार का जवाब जरूर देगी।

No comments:
Post a Comment