बस्ती। बहादुरपुर ब्लॉक क्षेत्र के बेइली गांव में आयोजित संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो उठे। कथा व्यास पं. अरविंद मिश्रा ने कहा कि कपिल मुनि भगवान विष्णु के 24 अवतारों में से एक थे, जिन्होंने संसार को आत्मज्ञान और भक्ति का मार्ग दिखाया।
उन्होंने बताया कि कपिल मुनि, कर्दम ऋषि और देवहुति के पुत्र थे। उन्होंने अपनी माता को ज्ञानयोग और भक्ति का उपदेश देकर जीवन के सच्चे उद्देश्य से परिचित कराया। कथा के दौरान कपिल अवतार का प्रसंग सुन श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
कथा व्यास ने समुद्र मंथन की कथा का विस्तार से वर्णन करते हुए देवताओं और असुरों के संघर्ष तथा अमृत प्राप्ति की कथा सुनाई। साथ ही भक्त प्रह्लाद के अटूट विश्वास और भगवान के प्रति समर्पण की मार्मिक कथा प्रस्तुत की, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम के मुख्य यजमान कलावती चौधरी एवं वरिष्ठ गणितज्ञ बाबू राम वर्मा ने कथा में पहुंचे सभी श्रद्धालुओं और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर बाबू लाल वर्मा, रवि वर्मा, ऋतिक वर्मा, विनीत, राम बुझारत चौधरी, जीत नारायण चौधरी, राम सुंदर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment