<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, April 1, 2026

पाकरडाड़ में जलभराव व गंदगी से राहगीर परेशान, हादसे का बढ़ता खतरा


महादेवा (बस्ती)। पाकरडाड़ पेट्रोल पंप के सामने से लेकर हलुआपार तक महादेवा की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर जलभराव और गंदगी की गंभीर समस्या ने स्थानीय लोगों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यह मार्ग बस्ती-महुली को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों वाहनों का आवागमन होता है।
सड़क किनारे बनी आधी-अधूरी नाली के क्षतिग्रस्त होने के कारण वर्षभर पानी जमा रहता है। जलभराव के चलते सड़क का एक हिस्सा अनुपयोगी हो गया है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
पेट्रोल पंप के पास पंचर की दुकान संचालित करने वाले जितेंद्र यादव ने बताया कि सड़क के एक ओर पानी भरा रहने से रास्ता संकरा हो जाता है, जिससे वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती है। कई बार हादसे हो चुके हैं और कई बार टल भी चुके हैं।
वहीं, हलुआपार निवासी विशाल सोनकर और कलावती ने बताया कि समुचित जलनिकासी व्यवस्था न होने के कारण घरों का गंदा पानी सीधे सड़क पर बहता है। निकासी का कोई ठोस प्रबंध न होने से पानी जमा रहता है, जिससे गंदगी फैल रही है और लोगों का निकलना दूभर हो गया है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाली का निर्माण कर जलनिकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि राहगीरों और क्षेत्रवासियों को इस समस्या से राहत मिल सके।

No comments:

Post a Comment

Pages