गोरखपुर। पूर्वाेत्तर रेलवे यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में अपर महाप्रबंधक, पूर्वाेत्तर रेलवे श्री विनोद कुमार शुक्ल ने गोरखपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या 1 एवं 9 पर उपलब्ध सुविधाओं-कैब-वे, पे एंड यूज शौचालय, पेयजल व्यवस्था और पार्सल कार्यालय-का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने साफ कहा कि स्टेशन की स्वच्छता और यात्री सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपर महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ड्रेनेज सिस्टम की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को स्वच्छ और सुखद वातावरण मिल सके। उन्होंने लिफ्ट और एस्केलेटर को हर समय चालू रखने तथा खराबी की स्थिति में तुरंत मरम्मत करने के निर्देश भी दिए।
इसके साथ ही उन्होंने रनिंग रूम के सौंदर्यीकरण और स्टेशन पर चल रही निर्माण एवं पुनर्विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे हों और निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे। रेलवे प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में गोरखपुर जंक्शन पर यात्री सुविधाओं में और बेहतर सुधार देखने को मिलेगा।

No comments:
Post a Comment