गोरखपुर। सरस्वती शिशु मंदिर (10+2) पक्कीबाग, गोरखपुर के लज्जाराम तोमर सभागार में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के आचार्यों एवं छात्रों ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आचार्य एस.एन. कुशवाहा ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल एक वर्ग के नेता नहीं, बल्कि सच्चे राष्ट्र निर्माता थे। उन्होंने भारत की दशा एवं दिशा बदलने में अतुलनीय योगदान दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने बाबा साहेब के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक घटनाओं का उल्लेख करते हुए छात्रों को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने दलितों, पिछड़ों और महिलाओं सहित पूरे समाज के उत्थान के लिए कार्य किया। आज यदि किसी के साथ अन्याय होता है, तो वह निडर होकर संविधान का सहारा ले सकता है, जिसका श्रेय डॉ. अंबेडकर की दूरदर्शिता को जाता है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य डॉ. राजेश सिंह ने बाबा साहेब को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनके द्वारा निर्मित संविधान आज भी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा कर रहा है। उन्होंने छात्रों से ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ के संदेश को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन आचार्य सदानंद यादव ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्य, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और सभी ने राष्ट्र निर्माण में बाबा साहेब के पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment