गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की स्नातक एवं स्नातकोत्तर वार्षिक परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो रही हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष कुल 7468 परीक्षार्थी के परीक्षा में शामिल होने के लिए पंजीकृत हैं।
परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम पाली सुबह आठ बजे से 11:00 बजे तक चलेगी, जिसमें 3819 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें 1772 पुरुष व 2047 महिला परीक्षार्थी होंगे। इस पाली में कुल आठ विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
वहीं द्वितीय पाली दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक होगी, जिसमें 3649 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसमें 1891 पुरुष एवं 1758 महिला परीक्षार्थी शामिल हैं और इस पाली में 12 विषयों की परीक्षाएं निर्धारित हैं।
विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इन परीक्षाओं में संस्कृत, अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, इतिहास, वाणिज्य, उर्दू एवं अर्थशास्त्र सहित कई प्रमुख विषयों को शामिल किया गया है। प्रश्नपत्रों में शैक्षिक मनोविज्ञान एवं सांख्यिकी, लेखा एवं सांख्यिकी, लागत लेखांकन एवं अंकेक्षण, आधुनिक गद्य, वेद एवं उपनिषद, काव्य, राजनीतिक विचारों का इतिहास, भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन, संगठनात्मक व्यवहार तथा सूक्ष्म एवं समष्टि अर्थशास्त्र जैसे विषयों को समाहित किया गया है।
परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी केंद्रों पर सघन निगरानी व्यवस्था लागू की है। इसके साथ ही केंद्रों पर आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं को भी सुदृढ़ किया गया है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गुणवत्ता और विश्वसनीयता बनाए रखना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय से केंद्र पर पहुंचने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।
No comments:
Post a Comment