गाजियाबाद। तहसील गाजियाबाद में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत बैनामा लेखक संघ को कांग्रेस का समर्थन मिला है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश शर्मा और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वीर सिंह जाटव के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल धरनास्थल पहुंचा और आंदोलनकारी बैनामा लेखकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने बैनामा लेखक संघ के अध्यक्ष संजीव कौशिक को उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम लिखा गया समर्थन पत्र सौंपा। पत्र में अधिवक्ताओं और बैनामा लेखकों की मांगों को न्यायोचित बताते हुए उनके समाधान की मांग की गई है।
जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा कर्मचारियों, श्रमिकों, युवाओं और विभिन्न वर्गों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रही है और आगे भी न्यायोचित संघर्ष का समर्थन करती रहेगी। वहीं महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने सरकार से बैनामा लेखक संघ की मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान निकालने की अपील की।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष विनीत त्यागी, कोषाध्यक्ष अश्वनी त्यागी, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, हरेंद्र सिंह बाबा, जिला महामंत्री बाबूराम आर्य, नगर कांग्रेस डासना के अध्यक्ष अनवर कुरैशी, जिला उपाध्यक्ष रामकुमार शर्मा, विनोद शर्मा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने आंदोलन को न्यायोचित बताते हुए प्रशासन और सरकार से सकारात्मक पहल कर बैनामा लेखक संघ की मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

No comments:
Post a Comment