<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Monday, June 22, 2026

एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, निर्माण कार्य रोकने की उठाई मांग


बस्ती। भानपुर तहसील के ग्राम दसिया में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री के निर्माण को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। सोमवार को सतिराम चौधरी, आशाराम चौधरी और रामविलास चौधरी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य तत्काल रोकने तथा परियोजना के पर्यावरणीय और सामाजिक प्रभावों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री के आसपास करीब 14-15 गांव बसे हैं और लगभग 200 मीटर की दूरी पर दो सरकारी विद्यालय भी स्थित हैं। ऐसे में फैक्ट्री के संचालन से बड़ी आबादी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि एथेनॉल उत्पादन के लिए भारी मात्रा में पानी की आवश्यकता होती है, जबकि क्षेत्र में पहले से ही भूजल स्तर लगातार गिर रहा है। फैक्ट्री शुरू होने पर भूजल का अत्यधिक दोहन होगा, जिससे किसानों, ग्रामीणों और पशुओं के लिए पेयजल एवं सिंचाई का संकट गहरा सकता है। साथ ही फैक्ट्री से निकलने वाले अपशिष्ट और प्रदूषण से कृषि भूमि, जल स्रोतों, पर्यावरण और ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई गई है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि परियोजना के संबंध में स्थानीय लोगों के बीच समुचित जनसुनवाई नहीं कराई गई और न ही पर्यावरण प्रभाव आकलन (ईआईए) की जानकारी सार्वजनिक की गई। उन्होंने मांग की कि निष्पक्ष जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य और किसी भी प्रकार की संचालन संबंधी अनुमति पर रोक लगाई जाए।
सरदार सेना के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी बृजेश पटेल और जिला अध्यक्ष विनय चौधरी ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों की चिंताओं को गंभीरता से लिया जाए तथा फैक्ट्री का निर्माण कार्य तत्काल रोका जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की तो किसानों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सतीराम चौधरी, आशाराम चौधरी, एस.वी. चौधरी, श्रीकांत, प्रफुल चौधरी, हिमांशु पाठक, रामविलास चौधरी, बालकृष्ण, बाबी सिंह, अभय सिंह, अशोक सिंह, प्रवीन निगम, आविद अली, अजीत सिंह, ओम प्रकाश चौधरी, फुलचंद्र, राकेश, मनोज चौधरी, हृदय राम चौधरी, प्रफुल्ल चौधरी, राजा भैया, सुरेंद्र चौधरी, सुमित चौधरी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages