बस्ती। विकास खंड साऊघाट की ग्राम पंचायत बिल्लौर के राजस्व गांव पटखौली में स्थित करीब चार मीटर व्यास की पुलिया जर्जर होने से ग्रामीणों पर हादसे का खतरा मंडरा रहा है। ग्राम प्रधान धर्मराज गुप्ता ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पुलिया का तत्काल ध्वस्तीकरण कराकर पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
ग्राम प्रधान ने बताया कि जिला पंचायत विभाग द्वारा वर्ष 2008-09 में दो गड्ढों के बीच इस पुलिया का निर्माण कराया गया था। समय के साथ पुलिया काफी क्षतिग्रस्त हो चुकी है और इसका कुछ हिस्सा टूटकर गिर भी चुका है। इसकी सूचना करीब दो वर्ष पूर्व जिला पंचायत विभाग को दी गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि यह पुलिया गांव का मुख्य आवागमन मार्ग है। यदि यह पूरी तरह ध्वस्त हो गई तो ग्रामीणों का संपर्क मार्ग बंद हो जाएगा। इससे स्कूली बच्चों के विद्यालय पहुंचने, मरीजों को अस्पताल ले जाने तथा दैनिक आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
ग्राम प्रधान धर्मराज गुप्ता ने जनहित और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी से जर्जर पुलिया को तत्काल ध्वस्त कराकर नई पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

No comments:
Post a Comment