बस्ती। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही जनपद बस्ती ने पारदर्शिता और त्वरित निस्तारण का सराहनीय उदाहरण पेश किया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बताया कि पूरे अभियान के दौरान प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का शत-प्रतिशत निस्तारण समयसीमा के भीतर कर लिया गया।
जनपद में कुल 17,31,516 मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में नए मतदाताओं को भी जोड़ा गया। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए चलाए गए अभियान का सकारात्मक परिणाम देखने को मिला।
अभियान के दौरान 4 लाख से अधिक मतदाताओं को जारी नोटिस पर सुनवाई करते हुए 4,13,491 को पात्र घोषित किया गया, जो प्रशासन की सक्रियता और निष्पक्षता को दर्शाता है। साथ ही अपात्र पाए गए मतदाताओं पर नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अपील की कि जिनका नाम अभी सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे फार्म-6 भरकर जल्द से जल्द अपना पंजीकरण कराएं।
बैठक में संबंधित अधिकारियों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया की सराहना की गई और इसे जनपद के लिए एक उपलब्धि बताया गया।

No comments:
Post a Comment