बस्ती। पैकोलिया थाना क्षेत्र के पैकवलिया पाली निवासी दुर्गावती ने भैंस के विवाद में उसके पति तिलकराम की हत्या किए जाने के मामले में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में दुर्गावती ने बताया कि 8 अप्रैल की सुबह करीब 9:30 बजे उसकी भैंस विपक्षी घनश्याम के दरवाजे पर चली गई। पुरानी रंजिश के चलते घनश्याम पुत्र जेठू, उसकी पत्नी मंजू और पुत्र सिद्धार्थ उर्फ लकी ने मिलकर उसके पति तिलकराम पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पीड़िता के अनुसार, शोर सुनकर जब वह मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने उसे भी मारने के लिए दौड़ाया, लेकिन किसी तरह उसने अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से तिलकराम को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्गावती ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी आरोपी उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, साथ ही जिस घर पर उसकी भैंस बंधी है वहां भी दबाव बना रहे हैं।
भीम युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राव उर्फ प्रमोद ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि न्याय न मिलने पर आंदोलन किया जाएगा।
एसपी को ज्ञापन देने के दौरान अनिल कुमार, वीरेन्द्र कुमार, फूलचन्द गौतम, पूनम देवी, पुनीता देवी, जितेन्द्र प्रसाद, मोहनलाल, उमेश चन्द्र, रंगीलाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment