गोरखपुर। अप्रैल की भीषण गर्मी इस बार लोगों के लिए कड़ी परीक्षा बन गई है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से गर्मी अपने चरम पर है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 26 डिग्री से ऊपर रहने के कारण रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
शनिवार को लगातार आठवें दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शहरवासी अब राहत के लिए आसमान की ओर देख रहे हैं और वर्षा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 28 से 30 अप्रैल के बीच गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय के मुताबिक वायुमंडलीय परिस्थितियां वर्षा के अनुकूल बन रही हैं। असम और पूर्वी बिहार के ऊपर हवा के कम दबाव का क्षेत्र बनने का प्रभाव गोरखपुर और आसपास के मौसम पर भी पड़ेगा।
28 अप्रैल से मौसम में बदलाव शुरू होगा, जबकि 29 और 30 अप्रैल को कई स्थानों पर आंधी के बाद गरज-चमक के बीच हल्की वर्षा हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
शनिवार की शाम ऊपरी वायुमंडल में नमी बढ़ने के कारण अधिकतम आर्द्रता 72 प्रतिशत तक पहुंच गई। तेज धूप और अधिक आर्द्रता के संयोजन से गर्मी का सूचकांक बढ़ गया। ऐसे में लोगों को वास्तविक तापमान से अधिक की गर्मी का अहसास हुआ। दिन तो दिन, रात में भी असहज स्थिति बनी रही।
मौसम विज्ञानी का अनुमान है कि फिलहाल अगले दो से तीन दिन तक अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। शनिवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से करीब चार डिग्री ज्यादा है।
No comments:
Post a Comment