वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
लखनऊ। गर्मी के व्यस्त सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। रेलवे ने 15 अप्रैल से 15 जुलाई 2026 के बीच देशभर में 908 ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों को मंजूरी दी है, जो कुल 18,262 ट्रिप संचालित करेंगी। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुगम, समयबद्ध और आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान करना है।
रेलवे के अनुसार, इनमें से 660 ट्रेनों को पहले ही अधिसूचित किया जा चुका है, जिनके तहत 11,294 यात्राएं संचालित होंगी। इससे यात्रियों को पहले से टिकट बुकिंग और यात्रा योजना बनाने में सुविधा मिलेगी। यह कदम विशेष रूप से छुट्टियों और त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अहम माना जा रहा है।
क्षेत्रीय स्तर पर देखें तो दक्षिण मध्य रेलवे 124 ट्रेनों के साथ सबसे आगे है, जबकि पश्चिमी रेलवे, उत्तर पश्चिमी रेलवे और उत्तरी रेलवे भी बड़ी संख्या में विशेष ट्रेनें चला रहे हैं। सेंट्रल रेलवे और ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने भी हजारों ट्रिप्स की योजना बनाई है, जिससे देश के विभिन्न हिस्सों में कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
रेलवे के इस व्यापक प्लान से यात्रियों को कई फायदे होंगे। प्रतीक्षा सूची कम होगी, अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध होंगे और प्रमुख शहरों के बीच यात्रा आसान बनेगी। खासकर अधिक भीड़ वाले रूट्स पर इन ट्रेनों का संचालन राहत देने वाला साबित होगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन बड़े पैमाने पर किया जा रहा है, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को परेशानी मुक्त यात्रा अनुभव मिल सके।

No comments:
Post a Comment