वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता
गोरखपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा रेल संपत्ति की सुरक्षा और मानव तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 अप्रैल 2026 को आरपीएफ व अपराध आसूचना शाखा गोंडा ने गोंडा यार्ड से रेल संपत्ति चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया।
वहीं, बचपन बचाओ अभियान के तहत आरपीएफ और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टीमों ने विभिन्न स्टेशनों पर लावारिस बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। 19 अप्रैल को गोंडा में ट्रेन संख्या 01082 में 17 वर्षीय किशोर संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसे चाइल्ड लाइन गोंडा को सौंप दिया गया।
इसी तरह 18 अप्रैल को लखनऊ जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या-6 पर 13 वर्षीय लड़की लावारिस हालत में मिली, जिसे चाइल्ड लाइन लखनऊ को सुपुर्द किया गया। गोरखपुर में ट्रेन संख्या 15211 में 9 से 14 वर्ष के 9 बच्चे मिले, जिन्हें मानव तस्करी विरोधी इकाई की मदद से सुरक्षित चाइल्ड लाइन गोरखपुर भेजा गया।
सीतापुर में भी इसी ट्रेन में 11 से 15 वर्ष के 4 लड़के लावारिस हालत में मिले, जिन्हें चाइल्ड लाइन सीतापुर को सौंपा गया। वहीं देवरिया सदर स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-3 पर 4 वर्ष की एक बच्ची मिली, जिसे सुरक्षित चाइल्ड लाइन देवरिया को सुपुर्द किया गया।
रेलवे सुरक्षा बल की इस सतर्कता से न केवल रेल संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है, बल्कि मानव तस्करी जैसी गंभीर घटनाओं पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।
No comments:
Post a Comment