<!--Can't find substitution for tag [blog.voiceofbasti.page]--> - Voice of basti

Voice of basti

सच्ची और अच्छी खबरें

Breaking

वॉयस ऑफ बस्ती में आपका स्वागत है विज्ञापन देने के लिए सम्पर्क करें 9598462331

Wednesday, April 8, 2026

फार्मर रजिस्ट्री अभियान तेज, 15 अप्रैल तक गांव-गांव लग रहे विशेष कैंप

वॉयस ऑफ बस्ती संवाददाता


संत कबीर नगर। जनपद में 06 अप्रैल से 15 अप्रैल तक गांववार विशेष कैंप आयोजित कर छूटे हुए किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराई जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य किया जा रहा है, जिससे भविष्य में जमीन से संबंधित अभिलेख की आवश्यकता वाली सभी सरकारी योजनाओं—जैसे उर्वरक वितरण, बीज वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड, धान-गेहूं की बिक्री एवं कृषक दुर्घटना बीमा आदि—का लाभ प्राप्त करने के लिए यह आवश्यक होगी।

जिलाधिकारी द्वारा इस अभियान की समीक्षा प्रतिदिन रात्रि 09:00 बजे गूगल मीट के माध्यम से की जा रही है, जिसमें अपर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, उप कृषि निदेशक, खंड विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी एवं भूमि संरक्षण अधिकारी शामिल होते हैं।

समीक्षा के दौरान उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद में अब तक 2,16,863 प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि पात्र किसानों के सापेक्ष 1,52,054 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की जा चुकी है। वहीं सभी श्रेणियों के कुल 1,78,197 किसानों का पंजीकरण पूरा हो चुका है। अभियान के अंतर्गत अभी 64,809 किसानों का पंजीकरण कराया जाना शेष है। 7 अप्रैल को एक दिन में कुल 2,346 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि अभियान में नामित सभी लेखपाल, कृषि कार्मिक, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक तथा ग्राम स्तर पर प्रधान, कोटेदार, पंचायत सदस्य एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य के सहयोग से शेष किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए। प्रतिदिन कम से कम 6,000 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि वे अपनी खतौनी के आधार पर फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से करा लें, ताकि भविष्य में सभी सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें मिलता रहे। किसान स्वयं मोबाइल ऐप, नामित सरकारी कर्मचारी या जन सुविधा केंद्र के माध्यम से रजिस्ट्री करा सकते हैं, जिसके लिए आधार, मोबाइल नंबर एवं खतौनी आवश्यक है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages